प्रॉपर्टी आईडी की शिकायत पर नगर पालिका सचिव सस्पेंड, सीएम के निर्देश के अगले दिन कार्रवाई

Navdesh Times
0

चंडीगढ़, 20 अगस्त (कुलदीप सैनी)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश के बाद सरकार ने पिहोवा में बड़ी कार्रवाई की है। प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित एक शिकायत सामने आने पर पिहोवा नगर पालिका के सचिव अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रदेशभर के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आम लोगों को प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए चंडीगढ़ तक आने की जरूरत नहीं पड़नी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि ऐसी शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से किया जाए।

शिकायत सामने आते ही हुई कार्रवाई

मुख्यमंत्री के निर्देश के अगले ही दिन पिहोवा नगर पालिका से प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित शिकायत सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा ने नगर पालिका पिहोवा के सचिव अशोक कुमार को निलंबित करने के आदेश जारी किए।

निलंबन अवधि के दौरान अशोक कुमार का मुख्यालय निदेशालय, शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा, पंचकूला निर्धारित किया गया है।

जनता की शिकायतों में लापरवाही पर सख्त संदेश

सरकार की इस कार्रवाई को आम लोगों की शिकायतों के समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद हुई त्वरित कार्रवाई से अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सरकार का जोर अब प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर ही समाधान करने और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने पर है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top