प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र ने आयोजित किया गया दीपावली उत्सव, दीपावली भावी पीढ़ी को संस्कार देने का उत्सव - डॉ. आरसी मिश्रा

Navdesh Times
0


कुरुक्षेत्र, 16 अक्टूबर (कुलदीप सैनी) : पुलिस शिकायत प्राधिकरण हरियाणा के चेयरमैन एवं हरियाणा के पूर्व डीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा ने कहा कि आज के युग में दीपावली का महत्व केवल उत्सव तक सीमित नहीं है। यह हमें समाज को शिक्षित करने और भावी पीढ़ियों को संस्कार देने का अवसर देता है। इसलिए हमारा कर्तव्य बनता है कि भावी पीढ़ी को अपने परंपरा और संस्कारों से अवगत करवाएं।


डॉ. मिश्रा गुरुवार को प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र की ओर से रेलवे रोड पर पर्ल मार्क होटल में आयोजित दीपावली उत्सव समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस मौके पर कुरुक्षेत्र के डीसी विश्राम कुमार मीणा, एसपी नीतिश अग्रवाल और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (केडीबी) के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, सीएम नायब सैनी मीडिया कोआर्डिनेटर तुषार सैनी बतौर अति विशिष्ट अतिथि रहे।

वहीं मातृभूमि सेवा मिशन के संचालक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्रा, प्रमुख समाजसेवी पवन छाबड़ा और जिला कैथल के फरल गांव के होम्योपैथिक अस्पताल के संचालक डॉक्टर खुशबीर शर्मा बतौर विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर क्लब के प्रधान रामपाल शर्मा व कार्यक्रम संयोजक अशोक यादव के नेतृत्व में सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

पूर्व डीजीपी डॉ. आरसी मिश्रा ने कहा कि दीपावली का पर्व न केवल दीपों की जगमगाहट का उत्सव है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, सत्य, और मर्यादा का प्रतीक है। यह वह समय है जब हम राम कथा और राम राज्य के आदर्शों को याद करते हैं, जो हमें संयम, सत्य, और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं। डॉ. मिश्रा ने प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के आधुनिक समय में व्यस्ततम समय के बावजूद क्लब द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन करना बड़ा ही सराहनीय कदम है। वे लंबे समय से देखते आ रहे हैं कि कुरुक्षेत्र के पत्रकार सकारात्मक पत्रकारिता कर रहे हैं। युवा पत्रकारों को उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

कुरुक्षेत्र के विकास में सहयोग दें- डीसी

कुरुक्षेत्र के डीसी विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र इस तरह के आयोजन कर अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए हैं। उन्होंने सभी पत्रकारों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए जिला कुरुक्षेत्र के विकास में सहयोग की अपील की। डीसी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में उत्सव का सीजन आरंभ हो गया है। दीपावली के बाद अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन होगा। इसमें भी पत्रकारों से सकारात्मक सहयोग की अपील है।

दीवाली हमें एकजुट होने का देती हैं संदेश- एसपी

एसपी नीतिश अग्रवाल ने कहा कि आज जब समाज में भाईचारा कमजोर पड़ता दिख रहा है, दीपावली हमें एकजुट होने का संदेश देती है। यह वह समय है जब हम दीप जलाकर न केवल अपने घरों को, बल्कि अपने मन और समाज को भी रोशन करें। हमें उन कुलक्षणों को दूर करना है जो समाज को कमजोर करते हैं। एसपी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र की गतिविधियों की सराहना की।

गीता से कुरुक्षेत्र की पहचान- सिंघल
केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सचिव ने कहा कि गीता, देवीकूप श्री भद्रकाली शक्तिपीठ, स्थाणु मंदिर और ब्रह्मसरोवर से कुरुक्षेत्र की पहचान है। दीवाली और गीता एक जैसे है, क्योंकि दोनों ही बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देते हैं। दीपावली के बाद अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की शुरुआत होती है। उन्होंने महोत्सव के बारे में भी जानकारी दी।

सफाई का संकल्प लें- तुषार

















सीएम के मीडिया कोआर्डिनेटर तुषार सैनी ने कहा कि इस दीपावली पर हमें स्वच्छता का संकल्प लेना चाहिए। अपने घर के साथ अपनी गली, मोहल्ला, गांव और शहर के आसपास सफाई रखनी चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र को सबसे सुंदर और स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया है। इसमें सबको उनका सहयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने दीपावली की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में श्रीप्रकाश मिश्रा, पवन छाबड़ा, डॉ. खुशबीर शर्मा, सौरभ चौधरी, कृष्ण धमीजा, राजेंद्र वर्मा, बाबूराम तुषार,  मंच संचालक देवीलाल बारना, अशोक यादव, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डीपीआर डॉ. महासिंह पूनिया, डीआईपीआरओ डॉ. नरेंद्र सिंह, पुलिस पीआरओ नरेश सागवाल ने भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top