नगर पालिका ने चलाया ‘कैच द रेन’ अभियान, हरियाली और जल बचाने का दिया संदेश

Navdesh Times
0

रादौर, 16 जुलाई (कुलदीप सैनी) : कैच द रेन अभियान के तहत सरकार के निर्देशानुसार  नगर पालिका रादौर द्वारा शहर के महाराणा प्रताप पार्क एवं महाराजा अग्रसेन पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ वर्षा जल संरक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों को अपने घरों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कर वर्षा जल का संग्रहण एवं पुनः उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका के एमई संदीप शर्मा ने बताया कि कैच द रेन अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संरक्षण कर भूजल स्तर को बढ़ाना तथा जल संकट से निपटने के लिए लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने घर, संस्थान एवं प्रतिष्ठान में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अपनानी चाहिए, ताकि वर्षा के पानी का सदुपयोग हो सके और भविष्य में जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। इस मौके पर नपा जेई कपिल काम्बोज, लेखाकार नीरज काम्बोज, अनिरुद्ध सैनी, अमन सिंगला आदि मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top