चंडीगढ़, 18 अगस्त (कुलदीप सैनी)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी (HPPC) की बैठक में किसानों, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। बैठक में कुरुक्षेत्र-सहारनपुर स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया।
कुरुक्षेत्र-सहारनपुर स्टेट हाईवे होगा फोरलेन
कुरुक्षेत्र-सहारनपुर स्टेट हाईवे के कार्य को मंजूरी दी गई है। करीब 10 मीटर चौड़ी सड़क पर 26.90 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क को फोरलेन बनाने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। डीपीआर तैयार होने के बाद कुरुक्षेत्र-सहारनपुर मार्ग को फोरलेन बनाने की दिशा में कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
10 लाख एकड़ भूमि सुधार के लिए 25 हजार टन जिप्सम
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के किसानों की करीब 10 लाख एकड़ भूमि के सुधार के लिए लगभग 15.63 करोड़ रुपये की लागत से 25 हजार टन जिप्सम खरीदा जाएगा। हरियाणा भूमि सुधार निगम के माध्यम से किसानों को भूमि सुधार के लिए जिप्सम 50 प्रतिशत सब्सिडी पर उपलब्ध करवाया जाता है।
“किसानों को पर्याप्त मात्रा में उच्च गुणवत्ता का जिप्सम उपलब्ध करवाकर भूमि सुधार को गति देना सरकार की प्राथमिकता है।”
— नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसानों को उच्च गुणवत्ता वाला जिप्सम उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि भूमि में जल्द सुधार हो और उसकी उर्वरता बढ़ाई जा सके।
कैथल में बनेगा 21,680 एमटी क्षमता का गोदाम
कैथल के हैफेड कॉम्पलेक्स में 9.80 करोड़ रुपये की लागत से 21,680 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम और क्वालिटी कंट्रोल लैब बनाने की मंजूरी दी गई।
पानीपत के 9 गांवों में 75.50 करोड़ की पेयजल योजनाएं
पानीपत जिले के भैंसवाल, कुतानी, राजाखेड़ी, निम्बरी, उग्राखेड़ी, रिसालू, नांगलखेड़ी, काबड़ी, गढ़ी और सिकंदरपुर सहित नौ गांवों में महाग्राम योजना के तहत 75.50 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाओं को मंजूरी दी गई। गोहाना शहर के शनि मंदिर और एमपीएस गुढ़ा क्षेत्र में 16.30 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने की स्वीकृति भी दी गई।
पिंजौर में बनेगा न्यायिक परिसर
पिंजौर-कालका सेक्टर 27 में 22.70 करोड़ रुपये की लागत से न्यायिक परिसर बनाया जाएगा। वहीं अंबाला शहर में लघु सचिवालय के प्रशासनिक ब्लॉक के तीसरे चरण के कार्य के लिए 34 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
सफीदों में बनेगा राजकीय नर्सिंग कॉलेज
सफीदों में 37.49 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय नर्सिंग कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। अंबाला कैंट में बैंक स्क्वेयर भवन फेज-1 का निर्माण 52 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।
पंचकूला और फतेहाबाद में बनेंगी जिला जेल
पंचकूला के गांव जलोली में करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से जिला जेल का निर्माण होगा। फतेहाबाद में भी 37 करोड़ रुपये की लागत से जिला जेल बनाने की मंजूरी दी गई। पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 की सड़कों के अपग्रेडेशन और मजबूती के लिए 16.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए।
इसके अलावा कुंडली-मानेसर सड़क सेक्शन के करीब 83 किलोमीटर मार्ग की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए 65.66 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। जुलाना में वाटर सप्लाई कार्य पर 21.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नारनौल अस्पताल होगा 200 बेड का
नारनौल के अस्पताल को 100 से बढ़ाकर 200 बेड का किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 26.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं यमुनानगर में 16.89 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आयुष अस्पताल बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसानों, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, शिक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
.jpeg)
.jpeg)
