चंडीगढ़, 17 अगस्त (कुलदीप सैनी)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को हरियाणा निवास में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी (एचपीपीसी) की बैठक में प्रदेश की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 26,161 ट्रांसफार्मर्स की खरीद को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही बिजली निगमों में कार्यरत लाइनमैन और सहायक लाइनमैनों की सुरक्षा के लिए 5,000 से बढ़ाकर 7,500 टी एंड पी किट खरीदने को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी जोर
बैठक में विभिन्न बिजलीघरों में जीआईएस-बे के निर्माण कार्य को भी मंजूरी दी गई। हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी ने इन कार्यों के लिए करीब 81 करोड़ रुपये की लागत को स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने ट्रांसफार्मर्स, सुरक्षा किट और जीआईएस-बे के निर्माण के लिए संबंधित फर्मों से निर्धारित दरों से कम पर बातचीत कर सहमति कायम की।
डीएचबीवीएन के लिए 400 केवीए के 100 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर्स, एचवीपीएनएल के लिए 40/50 एमवीए के 28 पावर ट्रांसफार्मर्स और 25/33.5 एमवीए के 33 पावर ट्रांसफार्मर्स तथा यूएचबीवीएनएल के लिए 100 केवीए के 26,000 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर्स की खरीद को मंजूरी दी गई।
वहीं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम में कार्यरत लाइनमैन व सहायक लाइनमैनों के लिए पहली बार 5,000 से 7,500 विशेष टी एंड पी किट खरीदी जाएंगी। प्रत्येक किट में 14 सुरक्षा उपकरण शामिल होंगे।
“सरकार का प्रयास है कि जहां जरूरत हो वहां पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर्स उपलब्ध करवाए जाएं और आपात स्थिति के लिए भी बिजली निगमों के पास पर्याप्त बैकअप मौजूद रहे। बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है।”
— नायब सिंह सैनी, मुख्यमंत्री हरियाणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर्स और सुरक्षा किट की खरीद को प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दी गई है।
बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
.jpeg)
.jpeg)
