यमुनानगर, 17 अगस्त (कुलदीप सैनी)। जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा दिव्यांगजनों और 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के जरूरतमंद वृद्धजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए जिले में चार दिवसीय विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में पात्र लाभार्थियों की नि:शुल्क जांच एवं नाप की जाएगी और जरूरत के अनुसार उपकरणों के लिए पंजीकरण किया जाएगा।
इन तारीखों को लगेंगे शिविर
- 7 सितंबर: सामुदायिक हॉल, छछरौली — छछरौली व प्रतापनगर खंड
- 8 सितंबर: बीडीपीओ कार्यालय, व्यासपुर — व्यासपुर व साढौरा खंड
- 9 सितंबर: बीडीपीओ कार्यालय, सरस्वती नगर — सरस्वती नगर व रादौर खंड
- 10 सितंबर: पंचायत भवन, यमुनानगर — जगाधरी व नगर निगम यमुनानगर क्षेत्र
मिलेंगे ये सहायक उपकरण
दिव्यांगजनों के लिए मोटोराइज्ड ट्राईसाइकिल, व्हील चेयर, ट्राईसाइकिल, कानों की मशीन, बैसाखी एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाए जाएंगे। वहीं व्योश्री योजना के तहत पात्र वृद्धजनों को कानों की मशीन, व्हील चेयर, कमर एवं घुटने की बेल्ट, सिलिकॉन फोम कुशन, छड़ी, टिपाई व चौपाई आदि उपकरण दिए जाएंगे।
“जिले के अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन एवं जरूरतमंद वृद्धजन निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर शिविरों का लाभ उठाएं तथा आवश्यक दस्तावेजों की फोटो प्रतियां साथ लेकर आएं।”
— संजीव धीमान, कार्यवाहक सचिव, जिला रेडक्रॉस समिति
दिव्यांगजनों के लिए जरूरी दस्तावेज
फोटो, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र/यूडीआईडी कार्ड, 40 प्रतिशत या अधिक दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और आय प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। पारिवारिक आय 22,500 रुपये प्रतिमाह से कम होने पर फैमिली आईडी भी जरूरी होगी।
वृद्धजनों के लिए जरूरी दस्तावेज
फोटो, आधार कार्ड और आय प्रमाण-पत्र लाना होगा। व्योश्री योजना के तहत वृद्धजन की मासिक आय 15,000 रुपये से कम होनी चाहिए। फैमिली आईडी उपलब्ध नहीं होने पर वृद्धावस्था पेंशन की बैंक प्रति एवं प्रमाणित आय प्रमाण-पत्र लाना होगा।
जिला रेडक्रॉस समिति ने अपील की है कि संबंधित क्षेत्रों के पात्र लाभार्थी समय पर शिविरों में पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं। जिन दिव्यांगजनों को मोटोराइज्ड ट्राईसाइकिल मिले हुए पांच वर्ष पूरे नहीं हुए हैं तथा जिन दिव्यांगजनों या वृद्धजनों को पूर्व में सहायक उपकरण मिले हुए तीन वर्ष पूरे नहीं हुए हैं, वे दोबारा उपकरण प्राप्त करने के पात्र नहीं होंगे।
.jpeg)
.jpeg)
