प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, कार्यक्रम होंगे पूरी तरह इको-फ्रेंडली
कुलदीप सैनी
नवदेश टाइम्स/ चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बृहस्पतिवार को जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रधानमंत्री शुक्रवार को जींद से भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के सभी कार्यक्रम पूरी तरह इको-फ्रेंडली होंगे तथा आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
इस दौरान लोक निर्माण मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक के.एम. पांडुरंग तथा उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय पहुंचकर अधिकारियों से प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने जींद रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आमजन एवं वीआईपी प्रवेश द्वार, एग्जीक्यूटिव लाउंज, कैफेटेरिया, रेलवे ट्रैक तथा यात्रियों के लिए की गई सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम के सामने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) मैदान में आयोजित होने वाली ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ रैली की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने आमजन के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैली में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर हांसी विधायक विनोद भ्याणा, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रामपाल सैनी, भाजपा नेता जवाहर लाल सैनी, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष लोहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
.jpeg)
.jpeg)
