रादौर, 16 जुलाई (कुलदीप सैनी) : छोटाबांस स्थित डेहा बस्ती में नगरपालिका की भूमि पर अवैध रूप से बने पक्के मकानों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में वीरवार को नगरपालिका की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 134 मकानों पर नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। रादौर नगरपालिका के बिल्डिंग इंस्पेक्टर आदित्य काम्बोज ने बताया कि संबंधित लोगों को 7 जुलाई 2026 को पहला नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समयावधि समाप्त होने के बाद अब ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति के उपरांत नियमानुसार अगली कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए दोबारा नोटिस जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कब्जाधारियों को समय-समय पर भूमि खाली करने के लिए निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित अवधि में कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर अब नगरपालिका अधिनियम के प्रावधानों के तहत सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास संबंधित भूमि पर मालिकाना हक से जुड़े वैध दस्तावेज या अन्य प्रमाण उपलब्ध हैं, तो वे तीन दिनों के भीतर नगरपालिका कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के भीतर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने की स्थिति में उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध कब्जे हटाने तथा आवश्यक होने पर मकानों को ध्वस्त करने की आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
.jpeg)
.jpeg)
