डोडा पोस्त तस्करी मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार, सात दिन के रिमांड पर भेजा

Navdesh Times
0

 


नवदेश टाइम्स/ कुरुक्षेत्र। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की कुरुक्षेत्र यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त तस्करी मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के अगर जिले निवासी जीतू पुत्र गोवर्धन सिंह के रूप में हुई है। न्यायालय से आरोपी का सात दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर उससे पूछताछ की जा रही है।

ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) संजय कुमार के दिशा-निर्देशों पर प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के "नशा मुक्त प्रदेश" संकल्प को साकार करने के लिए नशे के नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर मांगेराम ने बताया कि थाना कलायत (कैथल) में दर्ज मुकदमा संख्या 366, दिनांक 28 नवंबर 2024 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में वांछित आरोपी जीतू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।

उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर सात दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे नशा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई चेन तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।

जनता से सहयोग की अपील

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या नशीले पदार्थों के कारोबार की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN अथवा हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर दें। ब्यूरो ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top