लाडवा, 15 अगस्त (कुलदीप सैनी)। अनाज मंडी परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में अंबाला मंडल के आयुक्त संजीव वर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इससे पहले उन्होंने शहीद भगत सिंह चौक, शहीद मदन लाल ढींगड़ा चौक और डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया।
मंडलायुक्त ने लाडवा वासियों को स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ी हमारी समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनके संघर्ष से 15 अगस्त 1947 को देश को अंग्रेजी शासन से मुक्ति मिली।
हर घर तिरंगा अभियान का किया जिक्र
संजीव वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता, सम्मान और समर्पण का प्रतीक है। हरियाणा सरकार के मार्गदर्शन में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है और स्वतंत्रता दिवस पर पूरा प्रदेश तिरंगामय नजर आ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिक विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने हरियाणा के खेलों में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से देश-दुनिया में नाम रोशन किया है।
मंडलायुक्त का संदेश : “स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा। हमें उनके सपनों के भारत को मजबूत बनाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए।”
मार्च पास्ट में दिखी देशभक्ति
पीएसआई सतनाम सिंह के नेतृत्व में शानदार मार्च पास्ट आयोजित किया गया। इसमें पुलिस विभाग, आईजीएन कॉलेज के एनसीसी विद्यार्थी, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के एनसीसी विद्यार्थी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की स्काउट एंड गाइड तथा विभिन्न स्कूलों के बैंड की टुकड़ियों ने भाग लिया।
विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने मास पीटी, योग, वंदे मातरम, नेशनल सिंबल, कारगिल यात्रा, गिद्दा, जय जय मेरा हरियाणा और मलखंभ सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने सामाजिक संस्थाओं, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत, बिजली, लोक निर्माण और अन्य विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर एसडीएम अनुभव मेहता, डीएसपी निर्मल सिंह, नगर पालिका चेयरमैन साक्षी खुराना, तहसीलदार नवन धानिया, मंडल वाइस चेयरमैन सुरेंद्र सिंगला, अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, पूनम सैनी, मोनिका बंसल, नरेंद्र सिंघल, सन्नी कालड़ा, अनिल माटा, सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
.jpeg)
.jpeg)
