रादौर, 15 अगस्त (कुलदीप सैनी)। नई अनाज मंडी रादौर में आयोजित उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह से पहले उन्होंने शहीदी स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
विधायक ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण को प्राथमिकता दे रही है तथा पिछले करीब 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी दी गई है।
विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा का लक्ष्य
घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि भारत तेजी से दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। सरकार का लक्ष्य विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा बनाना है। इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर बढ़ाने, किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब—इन चार प्रमुख वर्गों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। गरीब परिवारों के लिए आवास, बेटियों के विवाह में सहायता और पिछड़ा वर्ग की क्रीमी लेयर आय सीमा बढ़ाने सहित कई योजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।
विधायक का संदेश : “हमारा लक्ष्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।”
महिलाओं, किसानों और युवाओं पर जोर
विधायक ने कहा कि आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लाडो लक्ष्मी योजना सहित विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए राहगीरी और युवा मैराथन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं और उन्हें हुनरमंद बनाने के लिए कौशल प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है।
मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागियों का सम्मान
समारोह में मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मार्च पास्ट में जेएमआईटी रादौर की टीम प्रथम, राजकीय ज्योतिबा फुले कॉलेज रादौरी द्वितीय और डीएवी पब्लिक स्कूल रादौर तृतीय स्थान पर रहा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इंडियन पब्लिक स्कूल प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चमरोड़ी द्वितीय और हरिओम पब्लिक स्कूल रादौर तृतीय स्थान पर रहा। योगा में शारदा गुरुकुल कलेसरा, कराटे में दून पब्लिक स्कूल और डंबल में स्वराज पब्लिक स्कूल रादौर ने स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
समारोह में एसडीम नरेंद्र कुमार, डीएसपी सुनील कुमार, तहसीलदार अशोक कुमार, नायब तहसीलदार अनिल कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार धीमान, एसएमओ डॉक्टर विजय परमार, एसडीओ पब्लिक हेल्थ रवि नायक, मानसिंह आर्य, चेयरमैन मार्किट कमेटी रुपिंदर सिंह मल्ली, नगरपालिका चेयरमैन रजनीश मेहता, एस.एच.ओ. राजेश कुमार, एसडीओ बिजली विभाग दीपांशु धीमान, पूर्व चेयरमैन डॉ ऋषि पाल सैनी, नगर पालिका सचिव सुरेंद्र मलिक, प्राध्यापक राकेश पांचाल, पवन कुमार, हैप्पी खेड़ी व गणमान्य व्यक्तियों तथा विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया।
.jpeg)
.jpeg)
