यमुनानगर में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने फहराया तिरंगा, बोले- विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा भारत

Navdesh Times
0

यमुनानगर के जगाधरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करते राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष

यमुनानगर, 15 अगस्त (कुलदीप सैनी)। अनाज मंडी जगाधरी में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने विकास की प्रेरणादायक यात्रा तय की है और अब देश विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इससे पहले राज्यपाल ने शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और समारोह में परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर श्रीमती मित्र घोष भी मौजूद रहीं।

शहीदों के बलिदान को किया नमन

राज्यपाल ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और संघर्ष के कारण देशवासियों को स्वतंत्र भारत में जीवन जीने का गौरव मिला। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में हरियाणा के योगदान का उल्लेख करते हुए रेवाड़ी के राजा राव तुलाराम सहित वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया।

राज्यपाल का संदेश : “वर्ष 2047 में जब भारत अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब हमारा लक्ष्य एक विकसित, समृद्ध, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत का निर्माण करना है।”

डिजिटल इंडिया से आत्मनिर्भर भारत तक उपलब्धियां

राज्यपाल ने कहा कि डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल पेमेंट सिस्टम और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में देश ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों ने आधुनिक तकनीक अपनाकर कृषि उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि, मेरी फसल-मेरा ब्योरा, मुख्यमंत्री बागवानी बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड अभियान जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर सरकार का जोर

राज्यपाल ने बताया कि हरियाणा के वर्ष 2026-27 के बजट में शिक्षा के बजट में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में चिरायु आयुष्मान हरियाणा, जननी सुरक्षा योजना और आयुष्मान भारत स्वास्थ्य एवं आरोग्य केंद्रों के माध्यम से सेवाओं का विस्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को विभिन्न योजनाओं के तहत करीब 50 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,595 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे गए।

खेलों में हरियाणा का दबदबा

राज्यपाल ने कहा कि देश की आबादी में लगभग 2.2 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाला हरियाणा ओलंपिक, पैरा ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी देता रहा है। उन्होंने खेल नर्सरी, मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना और भीम पुरस्कार सहित खेल नीति का उल्लेख किया।

हाइड्रोजन ट्रेन और विकास परियोजनाओं का जिक्र

राज्यपाल ने कहा कि भारत की पहली हाइड्रोजन संचालित ट्रेन का हरियाणा से संचालन शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हाल ही में करीब 14,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया गया है, जिससे सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को गति मिलेगी।

उन्होंने यमुनानगर के प्लाईवुड, कागज, स्टेनलेस स्टील बर्तन और चीनी उद्योगों का भी उल्लेख किया और कहा कि जिला हरियाणा की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे आकर्षण

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मार्च पास्ट में हरियाणा पुलिस अकादमी की पुरुष टीम प्रथम, हरियाणा एनसीसी बटालियन की लड़कियों की टुकड़ी द्वितीय और उत्तराखंड पुलिस की पुरुष टीम तृतीय स्थान पर रही।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में हरियाणवी नृत्य में न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल प्रथम, लयबद्ध योग प्रदर्शन में मुकुंद पब्लिक स्कूल द्वितीय और गिद्दा में एमएलएन कॉलेज तृतीय रहा।

इस अवसर पर राज्यपाल ने युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया तथा रेडक्रॉस की एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में डीजीपी अजय सिंघल, आईजी पंकज नैन, जिला सत्र न्यायाधीश दयानंद भारद्वाज, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल, नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top