चंडीगढ़, 14 अगस्त (कुलदीप सैनी)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन ने गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस समारोह में 1947 के विभाजन की त्रासदी में पीड़ा और बलिदान झेलने वाले लाखों लोगों को नमन किया। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य विभाजन की पीड़ा को याद करने के साथ नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान लाखों लोगों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा और अनेक लोगों ने अपने परिजनों को खोया। विभाजन की त्रासदी को याद करने का उद्देश्य किसी के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।
“इतिहास से सीख लेकर देश की एकता मजबूत करना जरूरी”
नितिन नबीन ने कहा कि जो राष्ट्र अपने इतिहास को समझता है, वही अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने का निर्णय इसी उद्देश्य से लिया गया है, ताकि नई पीढ़ी विभाजन की वास्तविकता और उस समय लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा को समझ सके।
उन्होंने कठिन समय में पीड़ित परिवारों की सहायता करने वाले लोगों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं के सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया।
एकता के साथ विकास के रास्ते पर बढ़ रहा भारत
उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत विविधता में एकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
नितिन नबीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि तत्कालीन नेतृत्व ने सत्ता के लिए देश का विभाजन स्वीकार किया, जिससे करोड़ों लोगों को विस्थापन और पीड़ा झेलनी पड़ी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक विभाजन की त्रासदी के सच को सामने नहीं आने दिया।
उन्होंने कहा कि आज देश की जनता राष्ट्रीय एकता, विरासत और विकास के साथ आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और विकसित भारत के निर्माण को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
हरियाणा में युवाओं और बेटियों को मिल रहे अवसर
उन्होंने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। प्रदेश की बेटियां खेलों में लगातार देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के योगदान की भी सराहना की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सांसद एवं विधायकगण, हरियाणा सरकार के मंत्री, संत-महात्मा, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
.jpeg)
.jpeg)
