रादौर, 16 अगस्त (कुलदीप सैनी)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अलाहर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नेपाल सिंह राणा ने ध्वजारोहण किया और विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, एकता तथा अखंड भारत की भावना के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को One Nation, One Election के बारे में भी जानकारी दी।
सेवानिवृत्त सैनिकों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि नेपाल सिंह राणा ने क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिकों को सम्मानित किया। वहीं विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
मिड-डे मील शेड और वाटर कूलर का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा द्वारा विद्यालय में बनवाए गए मिड-डे मील शेड का उद्घाटन नेपाल सिंह राणा द्वारा रिबन काटकर किया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायत अलाहर की ओर से विद्यालय को उपलब्ध करवाए गए वाटर कूलर का भी उद्घाटन हुआ।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए 3 लाख की घोषणा
मुख्य अतिथि नेपाल सिंह राणा ने विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए नए शेड के निर्माण हेतु 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। नेपाल पाल सिंह राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीरों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने अखंड भारत की भावना को मजबूत करने और देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
प्रधानाचार्य ने जताया आभार
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश रोहिल ने मुख्य अतिथि नेपाल सिंह राणा का विद्यालय परिवार की ओर से आभार जताया। उन्होंने ग्राम पंचायत अलाहर के सरपंच रजत कांबोज और एमिनेंट मेंबर गोपाल का भी धन्यवाद किया।
प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
.jpeg)
.jpeg)
