लाडवा में तिरंगा यात्रा के दौरान गूंजा देशभक्ति का संदेश, सुमन सैनी बोलीं- हर वर्ग तक पहुंचे विकास का लाभ

Navdesh Times
0

लाडवा में तिरंगा यात्रा के दौरान सुमन सैनी और नागरिक

लाडवा, 16 अगस्त (कुलदीप सैनी)। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार के लिए विकास का अर्थ केवल आर्थिक वृद्धि नहीं है। विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ प्रदेश के गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां और महिलाएं प्रदेश की प्रगति की मजबूत आधारशिला हैं और उन्होंने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

सुमन सैनी रविवार को शिवाला रामकुंडी से शुरू हुई तिरंगा यात्रा के दौरान शहीद भगत सिंह चौक पर पत्रकारों को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी और नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना भी मौजूद रहे।

रामकुंडी से शहीद भगत सिंह चौक तक निकली तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा रामकुंडी से शुरू होकर अग्रसेन चौक, लाडवा मेन बाजार और भगवान शिव शंकर चौक से होते हुए शहीद भगत सिंह चौक पहुंची। यहां सुमन सैनी ने शहीद भगत सिंह को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने भारत की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से देशवासियों को आजादी मिली। संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी, जो समय के साथ और मजबूत हुई है।

“विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ प्रदेश के गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।” — सुमन सैनी

तिरंगे की आन-बान-शान की रक्षा कर रहे जवान

सुमन सैनी ने कहा कि देश के जवान विपरीत परिस्थितियों में भी सीमाओं की रक्षा करते हुए तिरंगे की आन, बान और शान को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती रही है।

उन्होंने बताया कि इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में भव्य शहीदी स्मारक स्थापित किया जा रहा है, जिसका निर्माण अंतिम चरण में है। यह स्मारक वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।

विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा देश

सुमन सैनी ने कहा कि भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ-साथ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण भी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक विकास की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसा विकास सुनिश्चित करना है जिसका लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे।

महिलाओं को विकास में सक्रिय भागीदार बनाने पर जोर

सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का प्रयास है कि महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए। उन्होंने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की राशि दी जा रही है। वहीं गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने की जरूरत

उन्होंने कहा कि आज नशा समाज और युवा पीढ़ी के सामने बड़ी चुनौती है। नशा युवा शक्ति, परिवारों और समाज के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।

सुमन सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से देशभर में हजारों स्थानों पर युवाओं ने नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है।

राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार योगदान

सुमन सैनी ने खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते।

उन्होंने कहा कि इनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा और प्रदेश के खिलाड़ियों ने 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। हरियाणा की बेटियों ने 5 स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव और बढ़ाया।

सुमन सैनी ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, प्रधान जितेंद्र खैरा, परमजीत कश्यप, पूनम सैनी, मोनिका बंसल, सतबीर मंगोली, सन्नी कालडा और अनिल माटा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top