लाडवा में हर घर तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचीं सुमन सैनी, बोलीं- तिरंगा हमारी पहचान, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक

Navdesh Times
0

 

लाडवा में हर घर तिरंगा प्रदर्शनी का अवलोकन करतीं सुमन सैनी

लाडवा, 16 अगस्त (कुलदीप सैनी)। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विधानसभा लाडवा के नागरिक राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र प्रेम की भावना के साथ अपने जीवन में कार्य करें, ताकि देश का सम्मान और अधिक बढ़े। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी पहचान, सम्मान, स्वाभिमान और संकल्प का प्रतीक है।

धर्मनगरी लाडवा में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत शिवाला रामकुंडी में प्रदर्शनी लगाई गई है। सुमन सैनी ने रविवार को प्रदर्शनी का अवलोकन किया और तिरंगे से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों के बारे में जानकारी ली।

हर घर तिरंगा अभियान बना जन आंदोलन : सुमन सैनी

सुमन सैनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से चलाया गया हर घर तिरंगा अभियान अब जन आंदोलन बन गया है। तिरंगा अब केवल सरकारी भवनों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हर घर, हर परिवार और हर नागरिक के जीवन और दिल से जुड़ गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और इसके सम्मान से जुड़े नियमों की जानकारी दी जा रही है।

इस दौरान एआईपीआरओ केदारनाथ शर्मा ने सुमन सैनी का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। सुमन सैनी, मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी और नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

तिरंगे के इतिहास और नियमों की दी जानकारी

सुमन सैनी ने कहा कि प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ध्वज के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय ध्वज को विभिन्न निर्धारित कपड़ों से बनाया जा सकता है और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज से संबंधित नियम फ्लैग कोड के तहत आते हैं।

उन्होंने बताया कि फ्लैग कोड के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज पर किसी भी प्रकार का अक्षर, शब्द, वाक्य या स्लोगन नहीं लिखा जा सकता। प्रदर्शनी में तिरंगे के इतिहास और इसके मूल डिजाइन से जुड़ी जानकारी भी दी गई।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के मध्य में बने अशोक चक्र में 24 तीलियां होती हैं। राष्ट्रीय ध्वज को प्रदर्शित करने और फोल्ड करने के संबंध में भी निर्धारित नियमों की जानकारी नागरिकों को दी जा रही है।

“राष्ट्रीय ध्वज हमारा मान, सम्मान और स्वाभिमान है। हर घर तिरंगा अभियान हमें अपने संवैधानिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को याद दिलाता है।” — सुमन सैनी

विकसित भारत और विकसित हरियाणा का संकल्प लें

सुमन सैनी ने कहा कि स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश करते हुए हमें केवल अतीत की उपलब्धियों पर गर्व नहीं करना है, बल्कि भविष्य के भारत और भविष्य के हरियाणा के निर्माण का भी संकल्प लेना है।

उन्होंने कहा कि ऐसा हरियाणा बनाने का लक्ष्य होना चाहिए जो आर्थिक रूप से मजबूत, सामाजिक रूप से समरस और पर्यावरण की दृष्टि से सुरक्षित हो तथा जिसकी युवा शक्ति दुनिया में अपनी पहचान बनाए।

युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

सुमन सैनी ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। आज के युवा वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा का नेतृत्व करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम “युवा शक्ति-विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व” है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने को भी गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, नपा चेयरपर्सन साक्षी खुराना, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, नरेंद्र सिंह, विकास शर्मा, अमरेंद्र सिंह, प्रधान जितेंद्र खैरा, परमजीत कश्यप, पूनम सैनी, मोनिका बंसल, सतबीर मंगोली, सन्नी कालडा और अनिल माटा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top