रादौर - सड़क किनारे उगी जंगली घास बनी वाहन चालकों के लिए खतरा, हादसे की आशंका

Navdesh Times
0
रादौर-पालेवाला सड़क के किनारे उगी जंगली घास से वाहन चालकों को परेशानी

रादौर, 16 अगस्त (कुलदीप सैनी)। रादौर पश्चिमी यमुना नहर पुल से पालेवाला पुल तक सड़क के दोनों किनारों पर उगी जंगली घास वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। घास अधिक बढ़ जाने के कारण सड़क के किनारे का हिस्सा ठीक से दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे उगी घनी घास के कारण कई स्थानों पर पशु अचानक इसकी आड़ से निकलकर सड़क पर आ जाते हैं। ऐसे में तेज गति से आने वाले वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण बताई जा रही है।

समय रहते घास हटाना जरूरी : रामचरण शर्मा

स्थानीय निवासी रामचरण शर्मा ने कहा कि पश्चिमी यमुना नहर से पालेवाला पुल तक सड़क के किनारों पर जंगली घास काफी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि घास की आड़ में पशु अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। लोक निर्माण विभाग को जल्द से जल्द सड़क किनारे की घास कटवाकर सफाई करवानी चाहिए, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि सड़क किनारे की सफाई समय-समय पर होती रहे तो न केवल वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि पशुओं के अचानक सड़क पर आने से होने वाली दुर्घटनाओं को भी रोका जा सकता है।

स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि विभाग को किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सड़क किनारे उगी घास को हटवाना चाहिए।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top