जुलाई को डेंगू रोधी माह के रूप में मनाएं, हर रविवार मनाएं ‘सूखा दिवस’ : उपायुक्त

Navdesh Times
0


नवदेश टाइम्स/ संवाददाता

कुरुक्षेत्र। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मानसून की दस्तक के साथ ही स्वास्थ्य विभाग डेंगू की रोकथाम के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने प्रदेश सरकार के "आओ मिलकर डेंगू रोकें" अभियान के तहत लोगों से जुलाई माह को डेंगू रोधी माह के रूप में मनाने और अपने घरों व आसपास कहीं भी पानी जमा न होने देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि डेंगू एडीज मच्छर के काटने से फैलता है, जो दिन के समय काटता है और केवल साफ रुके हुए पानी में पनपता है। उपायुक्त ने लोगों से हर रविवार अपने घरों और प्रत्येक शुक्रवार कार्यालयों में ‘सूखा दिवस’ मनाने का आह्वान करते हुए कूलर, पानी की टंकी, फ्रिज की ट्रे, गमले और अन्य जल पात्रों को खाली कर कम से कम 24 घंटे तक सुखाने की सलाह दी। साथ ही छतों पर रखी पानी की टंकियों को ढककर रखने तथा पुराने टायर, प्लास्टिक के सामान और नारियल के खोल जैसी वस्तुओं को हटाने का आग्रह किया।

उपायुक्त ने कहा कि नागरिक अस्पताल में डेंगू की जांच और प्लेटलेट्स की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द तथा आंखों के पीछे दर्द डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न लें।

उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक जागरूक होकर अपने आसपास साफ-सफाई रखे और पानी जमा न होने दे, तो इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top