रादौर, 20 जुलाई (कुलदीप सैनी) : उपमंडल के गांव मंधार में शहीद उधम सिंह कांबोज कमेटी की ओर से शिरोमणि शहीद उधम सिंह कांबोज की प्रतिमा के अनावरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डेरा बाबा भूमणशाह सिरसा के गद्दीनशीन बाबा ब्रह्मदास ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए विद्यालय परिसर में स्थापित शहीद उधम सिंह कांबोज की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर समाजसेवी मानसिंह आर्य ने मुख्य अतिथि बाबा ब्रह्मदास को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री कर्णदेव कांबोज तथा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सतीश दत्ताना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस मौके पर बाबा ब्रह्मदास ने कहा कि शहीद किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर होते हैं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देकर राष्ट्र के प्रति कर्तव्य का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को ऐसे महान क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा प्रतिमा स्थापित किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को देश के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों के जीवन और संघर्ष से परिचित कराते हैं। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को महापुरुषों के आदर्शों और उनके योगदान के बारे में अवश्य बताने का आह्वान किया, ताकि उनमें भी देश सेवा और समाज सेवा की भावना विकसित हो सके। इस अवसर पर पूर्व सरपंच कुलदीप कांबोज, पूर्व सरपंच रणबीर सिंह, अशोक आर्य, यशपाल, प्रदीप चौधरी, मनफूल सिंह, राजेश कुमार, मदनलाल, पंकज, प्रवेश कांबोज, दशरथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
.jpeg)
.jpeg)
