पत्रकारों की पेंशन 30 हजार रुपये करने की मांग, हरियाणा में उपमंडल स्तर तक होगा एमडब्ल्यूबी का विस्तार

Navdesh Times
0


नवदेश टाइम्स/ कुलदीप सैनी 

नारायणगढ़ (अंबाला)। मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन (एमडब्ल्यूबी) की महत्वपूर्ण बैठक उत्तर भारत के अध्यक्ष चंद्र शेखर धरणी की अध्यक्षता में नारायणगढ़ में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकार कल्याण और विभिन्न लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उत्तर भारत के कोषाध्यक्ष तरुण कपूर, अंबाला जिलाध्यक्ष राजीव ऋषि, हरियाणा आईटी सेल संयोजक पीयूष जैन सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि एमडब्ल्यूबी अब पूरे हरियाणा में उपमंडल स्तर पर संगठन का विस्तार करेगी। प्रत्येक उपमंडल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव, सह सचिव, कोषाध्यक्ष तथा पांच सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही पत्रकार हितों से जुड़े प्रशिक्षण शिविर, गोष्ठियां और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

चंद्र शेखर धरणी ने बताया कि संगठन पिछले छह वर्षों से पत्रकारों को बिना सदस्यता शुल्क के 10-10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और टर्म इंश्योरेंस उपलब्ध करा रहा है। साथ ही संस्थापक सदस्यों एवं उनके परिवारों को 33 लाख रुपये तक की कैशलेस मेडिकल पॉलिसी भी निःशुल्क दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्रकार हितों से जुड़ा मांगपत्र सौंपा गया है। इसमें पत्रकारों की मासिक पेंशन 30 हजार रुपये करने, पेंशन नियमों को सरल बनाने, डिजिटल पत्रकारों को लाभ देने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, पारिवारिक पेंशन, आवासीय योजनाएं, सरकारी बसों में आरक्षित सीटें तथा पत्रकारों के बच्चों के लिए शिक्षा एवं सरकारी नौकरियों में तीन प्रतिशत आरक्षण जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

धरणी ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार पत्रकार कल्याण से जुड़े इन सुझावों पर सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के पत्रकारों को अधिक सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top