रादौर, 14 अगस्त (कुलदीप सैनी)। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने हांसी के डेयरी संचालक जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हत्याकांड के सभी मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो इनेलो चुप नहीं बैठेगी और सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी।
अभय चौटाला रादौर में आयोजित इनेलो कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार हत्याकांड का मुख्य आरोपी एक विधायक का पारिवारिक सदस्य है और सरकार व प्रशासन उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजपा-कांग्रेस से जनता परेशान : अभय चौटाला
अभय चौटाला ने कहा कि रादौर में कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति प्रदेश में बदलाव का संकेत है और आने वाला समय इनेलो का है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की जनता भाजपा और कांग्रेस दोनों से दुखी और परेशान हो चुकी है।
उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा की सरकार बनवाने के लिए षड्यंत्र करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार के जनविरोधी फैसलों से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है।
ताऊ देवीलाल की जयंती पर रैली का आह्वान
अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से 27 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली विशाल रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रामपाल माजरा, शेर सिंह बड़शामी, सुभाष खुर्दबन, ऋषिपाल कल्याण, सर्वप्रिय जठलाना, पूर्व सरपंच सुरजीत सिंह, राजेश कश्यप, कमल चमरोड़ी और अश्वनी दत्ता सहित इनेलो के कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.jpeg)


.jpeg)
