रादौर, 14 अगस्त (कुलदीप सैनी)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अगुवाई में रादौर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया।
यात्रा का शुभारंभ गुमथला राव स्थित इन्कलाब मंदिर में शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा जठलाना, खजूरी, नागल, दामला, खेड़ी लक्खा सिंह और चमरोड़ी से होते हुए रादौर स्थित शहीद उधम सिंह काम्बोज धर्मशाला पहुंची। यहां शहीद उधम सिंह काम्बोज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर यात्रा का समापन किया गया। विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
“शहीदों के बलिदान को याद करना हमारा दायित्व” — श्याम सिंह राणा
रादौर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्याम सिंह राणा ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश को आजादी दिलाने वाले क्रांतिकारियों और बलिदानियों को नमन करना तथा आने वाली पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत बनाए रखने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करना जरूरी है।
“देश की आजादी के लिए अनेक क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का स्मरण करना और उनकी कुर्बानियों से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देना हमारा दायित्व है।”
— श्याम सिंह राणा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री
उन्होंने कहा कि वर्ष में कम से कम एक बार इन महान आत्माओं का स्मरण जरूर किया जाना चाहिए, क्योंकि उनके बलिदान के कारण ही देश को आजादी मिली।
जीवन कुंडू हत्याकांड पर भी बोले मंत्री
हांसी के जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर किसान नेताओं द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण न करने देने की चेतावनी पर श्याम सिंह राणा ने संयमित रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का पावन अवसर किसी भी प्रकार के विरोध के लिए उचित नहीं है।
“यदि किसी को कोई शिकायत या समस्या है तो उन्हें मुख्यमंत्री से सीधे मिलकर अपनी बात रखनी चाहिए। स्वतंत्रता दिवस का पावन अवसर विरोध के लिए नहीं है।”
— श्याम सिंह राणा
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर ईश्वर सिंह पलाका, पूर्व विधायक एवं सफाई आयोग हरियाणा के चेयरमैन, नेपाल सिंह राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता, रूपिन्द्र सिंह मल्ली, मार्केट कमेटी रादौर के चेयरमैन, कृष्ण काम्बोज, भाजपा मंडल अध्यक्ष, आदेश राणा, मंडल अध्यक्ष, मास्टर सतपाल काम्बोज, जगदीश मेहता जठलाना, गोपाल कृष्ण, एडवोकेट वरयाम सिंह, जसविंद्र ग्रेवाल, डॉ. शुभम सलूजा और मीडिया प्रभारी राजकुमार शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
.jpeg)

.jpeg)
