रादौर - डीएवी पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

Navdesh Times
0

रादौर, 14 अगस्त (कुलदीप सैनी)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर डीएवी पब्लिक स्कूल, रादौर में देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नर्सरी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं, नृत्य, भाषण और लघु नाटिकाओं के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को प्रस्तुत किया। जूनियर विंग के विद्यार्थियों ने क्राफ्ट और ड्राइंग के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीक बनाए तथा मानव श्रृंखला तैयार की।

कक्षा तीसरी से छठी तक के विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकालकर भारत माता के जयकारे लगाए। वहीं कक्षा आठवीं और दसवीं के विद्यार्थियों ने रानी लक्ष्मीबाई, सावित्रीबाई फुले, ऊदा देवी, बेगम हजरत महल, उषा मेहता, सरोजिनी नायडू और अरुणा आसफ अली सहित वीरांगनाओं के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के जीवन से जुड़ी घटनाओं का भी मंचन किया गया। इससे विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को याद किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रमन शर्मा ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की उन्नति में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंज उठा।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top