यमुनानगर। मौसम में बदलाव के साथ यमुनानगर में स्वाइन फ्लू के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटे में हरियाणा में स्वाइन फ्लू के 8 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें 3 मामले अकेले यमुनानगर से बताए जा रहे हैं। तीन मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने के बाद सिविल अस्पताल में उनके लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यमुनानगर में सामने आए तीन मरीजों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। इनमें दो मरीज ग्रामीण क्षेत्र से, जबकि एक मरीज शहरी क्षेत्र से बताया जा रहा है। मरीजों की निगरानी की जा रही है और अस्पताल में संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है।
मौसम बदलते ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
सीएमओ डॉ. जितेंद्र ने बताया कि मौसम में बदलाव के दौरान फ्लू जैसे लक्षणों के मामले बढ़ने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है और संदिग्ध मरीजों पर नजर रखी जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करें और स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। तबीयत खराब होने पर समय रहते चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग तीनों मरीजों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। अस्पताल में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अलग वार्ड सहित आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।
.jpeg)
.jpeg)
