सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने CM सैनी से की मुलाकात, सुरक्षा और पूर्व सैनिकों के कल्याण पर हुई चर्चा

Navdesh Times
0


चंडीगढ़, 11 अगस्त (कुलदीप सैनी)। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आवास संत कबीर कुटीर में मुलाकात की। सेना प्रमुख का पदभार संभालने के बाद मुख्यमंत्री के साथ यह उनकी पहली मुलाकात थी। इस दौरान सिविल-मिलिट्री समन्वय मजबूत करने, क्षेत्रीय एवं आंतरिक सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में पश्चिमी कमान के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह सहित सेना मुख्यालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अग्निवीरों के रोजगार और पूर्व सैनिकों के कल्याण पर चर्चा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा का सशस्त्र बलों के साथ लंबे समय से गहरा जुड़ाव रहा है। राज्य सरकार सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में अग्निवीरों के लिए रोजगार के अवसर, पूर्व सैनिकों का कल्याण, आवास परियोजनाएं और युवाओं के सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके अलावा आत्मनिर्भरता, सैन्य परिचालन तैयारियों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान प्रभावी प्रतिक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। सेना में सेवारत हरियाणा के खिलाड़ियों द्वारा खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की गई।

पूर्व सैनिकों के पुनर्वास पर भी हुआ मंथन

सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हरियाणा सरकार की ओर से दिए जा रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के सेवानिवृत्ति के बाद पुनर्वास और स्थायी बसाव के लिए नए अवसर तलाशने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए। 

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top