रादौर में मतदाता सूची को लेकर बड़ा अपडेट, एसडीएम ने सौंपे दावे-आपत्तियों के फार्म

Navdesh Times
0

रादौर , 24 अगस्त (कुलदीप सैनी) । भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत रादौर विधानसभा क्षेत्र में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फार्म राजनीतिक दलों के अध्यक्षों, बीएलए-1 और प्रतिनिधियों को सौंपे गए। यह प्रक्रिया निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुई।

13 अगस्त 2026 तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों से संबंधित फार्म नंबर 9, 10, 11, 11ए और 11बी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करवाए गए।

“मतदाता सूचियों को त्रुटिरहित बनाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी पात्र नागरिक अपने नाम और विवरण की जांच करें तथा जरूरत होने पर दावे या आपत्ति दर्ज करवाएं।”
नरेन्द्र कुमार, एसडीएम रादौर

एसडीएम नरेन्द्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया जा चुका है। प्रारूप मतदाता सूचियां सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करवाई गई हैं।

उन्होंने बताया कि 22, 23, 29 और 30 अगस्त 2026 को सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाएंगे। इन कैंपों में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में सुधार कराने अथवा किसी अन्य प्रकार का दावा या आपत्ति दर्ज करवा सकेंगे।

एसडीएम ने सभी बीएलए-1 एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष पुनरीक्षण अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और आमजन के सहयोग से मतदाता सूचियों को अधिक से अधिक शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सकता है।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top