VBG-RAM-G Scheme : ग्रामीण परिवारों को 125 दिन रोजगार की गारंटी, यमुनानगर में सम्मेलन आयोजित

Navdesh Times
0


यमुनानगर, 13 अगस्त (कुलदीप सैनी)। अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा की अध्यक्षता में जिला परिषद कार्यालय में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) के तहत जिला पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों, ग्राम सचिवों और अधिकारियों को योजना की जानकारी दी गई।

हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजना के उद्देश्यों और प्रावधानों की जानकारी दी। रिसोर्स पर्सन महक सैनी ने भी उपस्थित प्रतिनिधियों को योजना के बारे में विस्तार से बताया।

बताया गया कि वीबी-जी राम जी एक्ट 2025 के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों के वयस्क सदस्यों को अकुशल श्रम कार्य करने की इच्छा होने पर प्रत्येक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी गई है। यह व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रों में 1 जुलाई 2026 से लागू हुई है।

अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने कहा कि योजना का उद्देश्य रोजगार देने के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना, स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण और गांवों के सतत विकास को बढ़ावा देना है। योजना के तहत 409 रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जा रही है। जल संरक्षण, तालाबों, ग्रामीण बुनियादी ढांचे और आजीविका आधारित परिसंपत्तियों के निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि योजना से ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिलने के साथ गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विकास होगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर जिला परिषद के कार्यकारी अभियंता नरेश ढिल्लों, पंचायत समिति अध्यक्ष, सरपंच, ग्राम सचिव, वीबी-जी राम जी स्टाफ तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top