यमुनानगर, 18 अगस्त (कुलदीप सैनी)। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा की CRM Scheme 2026-27 के तहत यमुनानगर जिले में किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है। योजना के तहत जिले में कुल 1053 कृषि यंत्रों के लिए किसानों ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
उप कृषि निदेशक आदित्य प्रताप ने बताया कि अनुसूचित जाति वर्ग के सभी 80 आवेदकों तथा सामान्य वर्ग के 160 किसानों का चयन कर लिया गया है। चयनित किसानों को आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने के लिए विभागीय कर्मचारियों द्वारा फोन के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र किसानों के आवेदन पोर्टल पर ऑनलाइन अनुमोदित किए जाएंगे।
चयनित किसान विभागीय पोर्टल पर सूचीबद्ध डीलर या निर्माता का चयन कर 10 सितंबर 2026 तक अनुदान पात्रता प्रमाण पत्र डाउनलोड करके कृषि यंत्र खरीद सकेंगे। खरीद के बाद बिल 15 सितंबर 2026 तक पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
सुपर सीडर और स्ट्रा बेलर का ड्रॉ 20 अगस्त को
सुपर सीडर और स्ट्रा बेलर के लिए आवेदन करने वाले 813 किसानों का चयन ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। इनमें 738 किसानों ने सुपर सीडर और 75 किसानों ने स्ट्रा बेलर के लिए आवेदन किया है। यमुनानगर जिले में सुपर सीडर के लिए 126 और स्ट्रा बेलर के लिए 13 कृषि यंत्रों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त प्रीती के आदेशानुसार दोनों कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन ड्रॉ 20 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे लघु सचिवालय, जगाधरी के कमरा नंबर 203 में आयोजित किया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य के 30 प्रतिशत के बराबर किसानों को प्रतीक्षा सूची में रखा जाएगा। चयनित किसान का आवेदन रद्द होने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के किसान को मौका दिया जाएगा।
किसानों के लिए जरूरी दस्तावेज
चयनित किसानों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र, पटवारी रिपोर्ट, हरियाणा में पंजीकृत ट्रैक्टर की वैध आरसी, शपथ पत्र, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रबी एवं खरीफ 2025-26 का पंजीकरण तथा फसल अवशेष न जलाने का स्व-घोषणा पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने होंगे।
“योजना के तहत पात्र किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। सुपर सीडर और स्ट्रा बेलर के लिए ऑनलाइन ड्रॉ 20 अगस्त को आयोजित होगा।”
अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक या सहायक कृषि अभियंता, यमुनानगर के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
.jpeg)
.jpeg)
