सालों से छत का सपना देख रहे परिवार की बदली किस्मत, आखिर कौन बना उनका सहारा?

Navdesh Times
0

 


रादौर, 5 अगस्त (कुलदीप सैनी)। जिस परिवार के पास कभी अपने सिर पर पक्की छत नहीं थी, अब उसके सपनों का आशियाना साकार होने जा रहा है। डेरा सच्चा सौदा की आशियाना मुहिम के तहत गांव दामला की शिव कॉलोनी में गांव धोंडग निवासी एक जरूरतमंद परिवार के लिए पक्के मकान का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। जल्द ही यह घर परिवार को सौंप दिया जाएगा।

निर्माण कार्य के दौरान जगाधरी के पूर्व ब्लॉक समिति चेयरमैन एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शशी दूरेजा मौके पर पहुंचे और सेवादारों द्वारा किए जा रहे निस्वार्थ सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डेरा सच्चा सौदा मानवता भलाई के अनेक कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सेवा कर रहा है। आशियाना मुहिम के तहत बेसहारा परिवारों को मकान उपलब्ध कराना समाज के लिए एक प्रेरणादायी पहल है।


शशी दूरेजा ने कहा कि संस्था केवल मकान निर्माण तक ही सीमित नहीं है, बल्कि रक्तदान, नेत्रदान, देहदान सहित अनेक सामाजिक कार्यों के जरिए मानवता की सेवा का संदेश भी दे रही है।

इस अवसर पर डेरा श्रद्धालु जसवंत राय ने बताया कि संस्था वर्तमान में मानवता भलाई के 176 कार्य संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि आशियाना मुहिम के तहत पात्र जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक रहने के लिए पक्का मकान उपलब्ध कराया जाता है। निर्माणाधीन मकान का कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे लाभार्थी परिवार को सौंप दिया जाएगा।

मकान की लाभार्थी रमैया ने भावुक होकर डेरा सच्चा सौदा और साध-संगत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार को भी अपना सुरक्षित आशियाना मिलेगा और वर्षों बाद अपने घर में रहने का सपना पूरा होने जा रहा है।

इस मौके पर  सेवादार हेमसिंह जुब्बल, राजकुमार दामला, विकास सैनी, कुंदल पलाका, भगतपाल रतनगढ़, धर्मबीर पोटली, प्रियल, रणसिंह दामला, राजू मिस्त्री, जसपाल पालेवाला, नरेंद्र कौर, सुरजभान रतनगढ़, ललित कुमार, एलव बुबका, कर्मसिंह सहित अनेक डेरा प्रेमी मौजद रहे। 

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top