चंडीगढ़, 20 अगस्त (कुलदीप सैनी)। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने अधिकारियों को आगामी रबी सीजन के लिए किसानों को गुणवत्तायुक्त गेहूं का बीज और खाद समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पराली प्रबंधन के लिए सब्सिडी पर दी जाने वाली कृषि मशीनों की फिजिकल वेरिफिकेशन जल्द पूरी कर किसानों के खातों में सब्सिडी की राशि भेजने को भी कहा।
कृषि मंत्री वीरवार को अपने कार्यालय में रबी सीजन के लिए खाद और बीज की उपलब्धता की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गेहूं के बीज की पर्याप्त उपलब्धता
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में करीब 40 लाख 64 हजार क्विंटल गेहूं का कच्चा बीज उपलब्ध है, जबकि प्रदेश में करीब 17-18 लाख क्विंटल बीज की ही बुआई होती है। बीज की प्रोसेसिंग और सर्टिफिकेशन का कार्य जारी है तथा सितंबर तक बीज तैयार हो जाएगा। अक्टूबर में होने वाली गेहूं की बुआई के लिए पर्याप्त बीज उपलब्ध रहेगा।
श्याम सिंह राणा ने चना और मसूर की फसल के लिए भी गुणवत्तापूर्ण बीज की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन के साथ अच्छी आमदनी मिल सके।
खाद का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश
कृषि मंत्री ने आगामी रबी सीजन के लिए यूरिया, डीएपी और एनपीके सहित अन्य खादों का पर्याप्त स्टॉक रखने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अब तक 2,34,712 मीट्रिक टन यूरिया, 55,081 मीट्रिक टन डीएपी, 35,049 मीट्रिक टन एनपीके और 59,610 मीट्रिक टन एसएसपी उपलब्ध है।
“किसानों को खाद और बीज की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। रबी सीजन में किसानों को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए।” — मंत्री श्याम सिंह राणा
पराली प्रबंधन मशीनों की वेरिफिकेशन जल्द करने के निर्देश
कृषि मंत्री ने फसल अवशेष प्रबंधन योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक करने के साथ-साथ सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जाने वाली मशीनों को समय पर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
इनमें सुपर सीडर, बेलिंग मशीन, हैप्पी सीडर, श्रब मास्टर और जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल सहित अन्य मशीनें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि किसान द्वारा मशीन खरीदने के तुरंत बाद उसकी फिजिकल वेरिफिकेशन करवाई जाए और पात्र किसानों के बैंक खातों में सब्सिडी की राशि जल्द भेजी जाए।
‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ से खाद वितरण में फायदा
बैठक में बताया गया कि खाद वितरण को ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल से जोड़ने का किसानों को लाभ मिला है। इससे खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था बेहतर हुई है। सरकार के अनुसार इस व्यवस्था से केंद्र सरकार को सब्सिडी में करीब 863 करोड़ रुपये की बचत भी हुई है।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन में किसानों को खाद, बीज और पराली प्रबंधन की मशीनें समय पर उपलब्ध हों, ताकि किसानों को फसल की बुआई और उत्पादन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
.jpeg)

.jpeg)
