पत्रकार गगन सांगर के समर्थन में उतरी मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन, 23 अगस्त को कुरुक्षेत्र में बैठक

Navdesh Times
0

 


कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़, 22 अगस्त (कुलदीप सैनी) : । पिहोवा के पत्रकार गगन सांगर के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले को लेकर पत्रकारों में रोष है। मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने कुरुक्षेत्र एसपी से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कदम उठाने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।

एसोसिएशन के अनुसार, 21 अगस्त को पिहोवा के गांव तलहेड़ी में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान पत्रकार गगन सांगर कवरेज कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्हें कवरेज करने से रोका गया, मोबाइल फोन छीनने, अभद्र व्यवहार और हाथापाई के साथ गला दबाने की कोशिश की गई।

“पत्रकार गगन सांगर अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए कार्रवाई की कवरेज कर रहे थे। यदि किसी पत्रकार को कवरेज से रोका जाता है, उसका मोबाइल छीना जाता है या उसके साथ कथित रूप से मारपीट की जाती है तो यह केवल एक पत्रकार का मामला नहीं, बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है। कुरुक्षेत्र एसपी मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच करवाएं और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करें। मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन पत्रकार गगन सांगर की न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।”
— चंद्रशेखर धरणी, राष्ट्रीय अध्यक्ष, मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन

धरणी ने कहा कि संगठन मामले को गंभीरता से ले रहा है और जरूरत पड़ने पर पत्रकार गगन सांगर को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक एवं कानूनी मंचों पर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल हरियाणा के प्रेस सचिव प्रवीण अत्रे से भी मुलाकात करेगा। मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में लाने की बात भी कही गई है।

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा

एसोसिएशन पदाधिकारी मेवा सिंह राणा ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं की कवरेज करना पत्रकारों के पेशेगत दायित्व का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में काम करने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा और न्याय मिलने तक पत्रकार गगन सांगर को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। जरूरत पड़ने पर पत्रकार समुदाय को एकजुट कर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जाएगा।

23 अगस्त को कुरुक्षेत्र में पत्रकारों की बैठक

घटना के विरोध में 23 अगस्त 2026, रविवार को सुबह 11 बजे जाट धर्मशाला, कुरुक्षेत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक में 21 अगस्त की घटना पर चर्चा करने के साथ आगे की रणनीति तय की जाएगी।

बैठक में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी। मीडिया वेल बीइंग एसोसिएशन ने पत्रकार साथियों से अधिक से अधिक संख्या में बैठक में पहुंचने की अपील की है।

संगठन ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक पत्रकार की नहीं, बल्कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता, सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा से जुड़ी है।


Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top