रादौर, 18 अगस्त (कुलदीप सैनी) : ग्राम पंचायत धानुपुरा की महिला सरपंच व उनके पति ने थाना रादौर पुलिस को शिकायत देकर एक स्थानीय महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, अभद्र भाषा बोलने और सोशल मीडिया के माध्यम से गांव व उनका मान-सम्मान ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार यह घटना 14 अगस्त की है, जब आरोपी महिला ने वहां से गुजरते समय सरपंच व उनके पति पर कथित रूप से जातिसूचक व आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। विरोध करने पर आरोपी महिला ने वीडियो बनाकर उल्टे झूठे आरोप लगाने तथा उच्चाधिकारियों व मंत्रियों से पहचान का हवाला देकर पुलिस कार्रवाई न होने देने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी महिला पहले भी प्रशासनिक कार्यों में बाधा डालने तथा सोशल मीडिया पर विवादित व सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट डालने में शामिल रही है।
शिकायत दिए जाने के बाद भी आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई न होने से नाराज सरपंच एसोसिएशन व ग्रामीणों के प्रतिनिधियों ने डीएसपी रादौर से मुलाकात कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और सोशल मीडिया से आपत्तिजनक सामग्री तुरंत हटवाई जाए।
.jpeg)

.jpeg)
