रादौर में जलभराव और कचरे पर बड़ा फैसला, पंपिंग स्टेशन लगेगा; डंपिंग स्थल होगा शिफ्ट

Navdesh Times
0

रादौर, 25 अगस्त (कुलदीप सैनी)। बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से परेशान रादौर शहरवासियों को राहत देने के लिए नगर पालिका ने स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। बकाना रोड, छोटा बांस सहित जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी के लिए पंपिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना बनाई गई है। वहीं बस स्टैंड के पास स्थित कचरा डंपिंग स्थल को शहर से बाहर शिफ्ट करने की भी तैयारी शुरू कर दी गई है।

जलभराव वाले क्षेत्रों में लगेगा पंपिंग स्टेशन

नगरपालिका सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि रादौर के कई क्षेत्रों में उचित ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने के कारण बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए आईपीएस (पंपिंग स्टेशन) लगाने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने बताया कि इसके लिए बापौली रोड, बकाना रोड और गोल्डी ढाबे के आसपास उपयुक्त स्थान की तलाश की जा रही है। जमीन उपलब्ध होने के बाद यहां पंपिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी पाइपों के जरिए सीधे एसटीपी तक पहुंचाया जाएगा।

शहर से दूर शिफ्ट होगा कचरा डंपिंग स्थल

नगरपालिका सचिव ने बताया कि रादौर बस स्टैंड के नजदीक स्थित कचरा डंपिंग स्थल को भी शहर की आबादी और मुख्य मार्ग से दूर शिफ्ट करने की योजना है। इसके लिए पांच पार्षदों की विशेष कमेटी गठित की गई है।

कमेटी द्वारा बकाना रोड, बापौली रोड सहित अन्य संभावित स्थानों पर जमीन की तलाश की जा रही है। उपयुक्त भूमि का चयन होने के बाद कचरा डंपिंग स्थल को वहां स्थानांतरित किया जाएगा। इससे शहरवासियों को कचरे और दुर्गंध की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

रादौर में जलभराव और कचरे की समस्या के स्थायी समाधान की तैयारी

नगरपालिका की इन दोनों योजनाओं से एक ओर जहां बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर शहर के बीच स्थित कचरा डंपिंग स्थल को बाहर शिफ्ट किए जाने से स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार हो सकता है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि पंपिंग स्टेशन और नए डंपिंग स्थल के लिए जमीन का चयन कब तक पूरा होता है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top