रादौर में कर्मचारियों का बड़ा प्रदर्शन, कृषि मंत्री के घर पहुंचे; ठेका प्रथा बंद करने समेत रखीं ये मांगें

Navdesh Times
0

रादौर, 25 अगस्त (कुलदीप सैनी)। नगर निकाय व अग्निशमन विभाग के कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, सीवर व सफाई कार्यों से ठेका प्रथा समाप्त करने और नियमित भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर नगरपालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले हड़ताल पर चल रहे कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारी कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के निवास पर पहुंचे और उनकी अनुपस्थिति में उनके पुत्र नेपाल सिंह राणा को ज्ञापन सौंपकर मांगों को विधानसभा में उठाने की अपील की।

नेपाल सिंह राणा ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रयास किया जाएगा।

सफाई और सीवर कर्मचारियों की नियमित भर्ती की मांग

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ठेके पर कार्यरत सफाई और सीवर कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, श्रम कानूनों का लाभ और अन्य मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा ठेका प्रथा समाप्त करने की घोषणा के बावजूद सफाई और सीवर कार्यों में यह व्यवस्था जारी है। कर्मचारियों ने नियमित भर्ती शुरू करने की मांग की।

अग्निशमन कर्मचारियों के लिए भी उठाई मांगें

कर्मचारियों ने अग्निशमन विभाग में नियमित भर्ती सहित विभिन्न मांगें भी रखीं। उन्होंने फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद दमकल कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नियमित नौकरी देने की मांग की। इसके अलावा पे-रोल फायरमैन और चालकों को फायर ऑपरेटर के पद पर नियमित करने तथा कर्मचारियों को 5 हजार रुपये मासिक जोखिम भत्ता देने की मांग की गई।

इस अवसर पर जिला प्रधान विजेंद्र सिंह, सचिव रिंकू, कोषाध्यक्ष ललित कुमार, परमाल सिंह, पंकज, अमित और सफाई कर्मचारी प्रधान पपला सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top