यमुनानगर के पत्रकारों को बड़ी सौगात, 10-10 लाख की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां वितरित; कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी

Navdesh Times
0


यमुनानगर, 21 अगस्त (कुलदीप सैनी)।
पत्रकारों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन की जिला यमुनानगर इकाई ने महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार को मुख्य पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, जगाधरी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों को संगठन की ओर से निशुल्क 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं। इसके साथ ही पत्रकारों को टर्म इंश्योरेंस और कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं ग्रीवेंस रिड्रेसल टू सीएम, हरियाणा भोपाल सिंह खदरी ने की। हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के चेयरमैन एडवोकेट मुकेश गर्ग मुख्य अतिथि रहे, जबकि यमुनानगर के एसएसपी कमलदीप गोयल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु : भोपाल सिंह खदरी

भोपाल सिंह खदरी ने मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। पत्रकार जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकार की नीतियों और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण के लिए सामूहिक प्रयास समय की जरूरत हैं। पत्रकारों को निशुल्क दुर्घटना बीमा उपलब्ध करवाना केवल आर्थिक सुरक्षा का विषय नहीं, बल्कि उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा मानवीय प्रयास भी है।

खदरी ने कहा कि यदि पत्रकार कल्याण से जुड़े किसी विषय में सरकार की ओर से सहयोग की आवश्यकता होगी तो वह अपने स्तर पर प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही यमुनानगर में होने वाले एसोसिएशन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन की पुष्टि होने की संभावना है।

दिवंगत पत्रकार प्रदीप शर्मा के परिवार की मदद का प्रयास

भोपाल सिंह खदरी ने दिवंगत पत्रकार प्रदीप शर्मा के परिवार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसी पत्रकार के असमय निधन के बाद उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एडवोकेट मुकेश गर्ग के साथ मिलकर मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदीप शर्मा के परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया जाएगा।

पत्रकार सकारात्मक खबरों को भी दें प्रमुखता : मुकेश गर्ग

मुख्य अतिथि एडवोकेट मुकेश गर्ग ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि मीडिया समाज को दिशा देने की जिम्मेदारी भी निभाता है। उन्होंने पत्रकारों से समाज में होने वाले सकारात्मक कार्यों और उपलब्धियों को भी प्रमुखता से सामने लाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच करना जरूरी है। गलत या भ्रामक समाचार समाज में तनाव और विवाद का कारण बन सकते हैं। इसलिए समाचारों की विश्वसनीयता और तथ्यात्मकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन की बीमा योजना की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के कठिन समय में साथ खड़ा होना सराहनीय समाजसेवा है।

पत्रकारों की बीमा राशि बढ़ाने पर जोर

एसएसपी कमलदीप गोयल ने पत्रकारों की जोखिमपूर्ण ड्यूटी को देखते हुए सामाजिक सुरक्षा को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि पत्रकार कई बार जोखिम उठाकर घटनास्थल पर पहुंचते हैं और दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी को भविष्य में पत्रकारों को मिलने वाली बीमा राशि बढ़ाने की दिशा में प्रयास करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि किसी पत्रकार की असामयिक मृत्यु के बाद उसके परिवार को मिलने वाली आर्थिक सहायता उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

पत्रकारों को 10 लाख की टर्म इंश्योरेंस और हेल्थ इंश्योरेंस भी

मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने संगठन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि एसोसिएशन पत्रकारों से सदस्यता के नाम पर कोई राशि नहीं लेती। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों और उनके परिवारों के हित में कल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि पत्रकारों को निशुल्क 10-10 लाख रुपये की दुर्घटना बीमा पॉलिसी के साथ 10-10 लाख रुपये की टर्म इंश्योरेंस पॉलिसी भी उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा पत्रकारों के लिए कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस और फैमिली शील्ड पॉलिसी की सुविधा भी उपलब्ध है।

धरणी के अनुसार, अब तक संगठन की ओर से पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता पर करीब 38 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। बीमारी की स्थिति में आर्थिक मदद के साथ-साथ पत्रकार की अचानक मृत्यु होने पर उसके परिवार की सहायता भी की गई है।

एआई पत्रकारिता को बनाएगा तेज और प्रभावी

कार्यक्रम में मनमोहन सिंह ने पत्रकारिता में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में एआई पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण टूल बन चुका है। इसका जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग समाचार तैयार करने, शोध, सूचना के विश्लेषण और कार्यक्षमता बढ़ाने में किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार यदि एआई तकनीक को सही तरीके से समझकर इसका उपयोग करना सीखें तो यह पत्रकारिता को आसान बनाने के साथ-साथ आय का अतिरिक्त माध्यम भी बन सकती है। हालांकि उन्होंने तथ्य-जांच और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को बनाए रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिले के पत्रकारों को निशुल्क दुर्घटना बीमा पॉलिसियां सौंपी गईं। पत्रकारों ने एसोसिएशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बीमा सुरक्षा उनके साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी महत्वपूर्ण सहारा है।

इस अवसर पर मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी, महासचिव सुरेंद्र मेहता, कोषाध्यक्ष तरुण कपूर, मेवा सिंह राणा, जिलाध्यक्ष देवदास शारदा, अवतार चुघ, नरेश उप्पल, कुलवंत सिंह, राकेश भारती, तिलक भारद्वाज, रंजना वर्मा, रजनी सोनी, सर्वजीत बावा, कुलदीप सैनी रादौर, रविंद्र सैनी, लाजपतराय, नरेंद्र बक्शी, अरविंद शर्मा, अंबाला से राजीव ऋषि, पीयूष जैन सहित अन्य पदाधिकारी, पत्रकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे। 

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top