यमुनानगर, 28 अगस्त। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के आदेशानुसार जिला पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर नाकाबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है तथा यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाई जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी थाना प्रबंधकों और यातायात प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म वाले वाहनों पर विशेष नजर
चेकिंग अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, मुंह पर कपड़ा बांधकर वाहन चलाने वाले, काली फिल्म लगे वाहनों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति भंग करने वाले लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि अक्सर अपराधी वारदात को अंजाम देने के लिए बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का इस्तेमाल करते हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल सड़क हादसों को बढ़ावा देती है, बल्कि असामाजिक तत्वों को भी मौका देती है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है और कई बार झगड़े तथा गंभीर घटनाएं भी सामने आती हैं। ऐसे में जिला पुलिस द्वारा इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
रात्रि गश्त और चेकिंग से अपराधियों पर शिकंजा
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस के लगातार अभियान से आपराधिक मामलों में कमी दर्ज हुई है और जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पुलिस की सक्रियता से आमजन में सुरक्षा की भावना भी और अधिक मजबूत हुई है।
.jpeg)
.jpeg)
