कुरुक्षेत्र संस्कृत वेद विद्यालय में 28वां यज्ञोपवीत संस्कार समारोह आयोजित

Navdesh Times
0

कुरुक्षेत्र, 28 अगस्त। श्रीब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा की ओर से संचालित कुरुक्षेत्र संस्कृत वेद विद्यालय एवं छात्रावास में शुक्रवार को 28वां यज्ञोपवीत संस्कार समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान पंडित जयनारायण शर्मा मुख्यातिथि रहे, जबकि मातृभूमि सेवा मिशन फतुहपुर के संचालक श्रीप्रकाश मिश्रा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

कार्यक्रम में रोशन लाल शास्त्री मुख्य वक्ता तथा दीपक भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। समारोह के मुख्य यजमान सुनील शर्मा एवं उनकी पत्नी सुनीता शर्मा रहे।

भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण संस्कार

पूर्व प्रधान पंडित जयनारायण शर्मा ने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और वैदिक परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।

मातृभूमि सेवा मिशन फतुहपुर के संचालक श्रीप्रकाश मिश्रा ने कहा कि संस्कृत और वेद हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा के आधार हैं। कुरुक्षेत्र संस्कृत वेद विद्यालय नई पीढ़ी को संस्कारयुक्त शिक्षा देने के साथ-साथ वैदिक संस्कृति को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

युवाओं को शिक्षा के साथ संस्कार और सदाचार अपनाने की जरूरत

मुख्य वक्ता रोशन लाल शास्त्री ने कहा कि यज्ञोपवीत केवल धार्मिक संस्कार नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने कर्तव्यों और अनुशासन का बोध कराने वाली परंपरा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को संस्कारों के साथ शिक्षा और सदाचार को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

विद्यालय के आचार्य पंडित नरेश कौशिक ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विद्यालय संस्थापक आचार्य स्वर्गीय बलराम शांडिल्य की पत्नी राजबाला देवी, आचार्य संजीव वत्स, विकास शर्मा, सुलेख चंद शर्मा, रामफल कौशिक, सुभाष गौतम, वेदपाठी राहुल, वेदपाठी पवन, गुरदीप, दीपक भाणा, अनमोल शर्मा और प्रवीन शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top