हरियाणा के 20,100 तालाबों की बदलेगी तस्वीर, 320 का होगा सौंदर्यीकरण; 467 नए तालाबों पर भी काम शुरू

Navdesh Times
0

चंडीगढ़, 25 अगस्त। हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों की सफाई, सौंदर्यीकरण और बेहतर रखरखाव को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाबों में गंदा पानी सीधे न पहुंचे और पानी को वैज्ञानिक तरीके से ट्रीट करने के बाद ही तालाबों में डाला जाए।

हरियाणा पॉन्ड एंड वेस्ट वाटर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तालाब केवल पानी के स्रोत नहीं, बल्कि गांवों की सुंदरता और पर्यावरण का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसलिए इनके आसपास ग्रामीणों के लिए बेहतर सुविधाएं भी विकसित की जाएं।

320 तालाबों का होगा नवीनीकरण, 467 नए तालाब चिन्हित

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में कुल 20,100 तालाब हैं, जिनमें 19,219 ग्रामीण और 881 शहरी क्षेत्रों में हैं। मुख्यमंत्री ने 320 तालाबों के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 467 नए तालाबों को चिन्हित कर वहां भी काम शुरू किया जाएगा।

प्रदूषित और ओवरफ्लो होने वाले तालाबों पर विशेष ध्यान देने के साथ गांवों के ग्रे और ब्लैक वाटर को ट्रीट करने की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए माइक्रो एसटीपी और अन्य वेस्ट वाटर मैनेजमेंट सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा।

तालाबों के आसपास बनेंगी योगशालाएं और ओपन जिम

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों में नई योगशालाएं प्रस्तावित हैं, वहां तालाबों के आसपास शेड और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं। इससे ग्रामीण नियमित रूप से इन स्थानों पर आएंगे और तालाबों के रखरखाव में भी उनकी भागीदारी बढ़ेगी।

तालाबों में पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए मैकेनिकल एरेशन और नैनोबबल टेक्नोलॉजी का पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया गया।

तालाबों की खराब स्थिति की ऑनलाइन हो सकेगी शिकायत

तालाबों से जुड़ी समस्याओं की शिकायत के लिए ‘म्हारी सड़क’ ऐप की तर्ज पर एक विशेष मैकेनिज्म विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से आमजन तालाब की खराब स्थिति या सुधार से संबंधित शिकायत लोकेशन टैगिंग के साथ दर्ज कर सकेंगे। शिकायत संबंधित सरपंच और अधिकारियों तक पहुंचेगी, जिससे समय पर कार्रवाई की जा सके।

रखरखाव में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने तालाबों के रखरखाव के लिए गठित ग्राम स्तरीय समितियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। प्रत्येक जिले में एडीसी स्तर पर समीक्षा कर रिपोर्ट ली जाएगी। तालाबों के नवीनीकरण, सौंदर्यीकरण और रखरखाव में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

सरकार का उद्देश्य तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और उपयोगी बनाकर उन्हें गांवों की खूबसूरती और ग्रामीणों के सार्वजनिक उपयोग से जोड़ना है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top