हरियाणा में रक्षाबंधन पर महिलाओं की बल्ले-बल्ले, रोडवेज में फ्री यात्रा का ऐलान

Navdesh Times
0


चंडीगढ़, 25 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हरियाणा सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है। महिलाओं के साथ 15 वर्ष तक की आयु के बच्चे भी बिना किराया यात्रा कर सकेंगे।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि यह सुविधा हरियाणा राज्य के भीतर एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने के लिए लागू होगी। इसके तहत दिल्ली और चंडीगढ़ तक की यात्रा भी शामिल है।

27 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू होगी फ्री यात्रा

रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त रात 12 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान महिलाएं हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में बिना किराया यात्रा कर सकेंगी।

महिलाओं के साथ 15 वर्ष तक के बच्चे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य रक्षाबंधन पर महिलाओं को अपने मायके और परिवारजनों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराना है।

बस स्टैंड पर तैनात होंगे परिवहन कर्मचारी

सरकार ने रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और सभी जिला महाप्रबंधकों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ बसों के सुगम संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हर बस स्टैंड पर परिवहन विभाग के कर्मचारी वर्दी में तैनात रहेंगे, जो महिलाओं को उनके गंतव्य तक जाने वाली बस और उचित मार्ग की जानकारी देंगे।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस की रहेगी व्यवस्था

रक्षाबंधन के दौरान बस स्टैंड पर महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। परिवहन अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा गया है।

सरकार की ओर से प्रदेश की महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि यह भाई-बहन के स्नेह और विश्वास का पर्व है। निशुल्क बस यात्रा की सुविधा से महिलाएं और उनके बच्चे आसानी से अपने परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top