नशे के खिलाफ रादौर में एक्शन तेज, नार्को डॉग के साथ संवेदनशील इलाकों में चला सर्च अभियान

Navdesh Times
0
रादौर में नार्को डिटेक्शन डॉग के साथ नशे के खिलाफ तलाशी अभियान चलाती नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम

रादौर, 22 अगस्त (कुलदीप सैनी)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की यमुनानगर यूनिट ने शनिवार को रादौर के संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशिक्षित नार्को डिटेक्शन डॉग के साथ सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व यूनिट प्रभारी महरूफ अली ने किया।

अभियान के दौरान टीम ने अनाज मंडी और सब्जी मंडी परिसर में दुकानों, ठेलों और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की। प्रशिक्षित नार्को डॉग की मदद से संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई और नशीले पदार्थों से जुड़ी संभावित गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।

नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों में कानून का भय जरूरी: महरूफ अली

यूनिट प्रभारी महरूफ अली ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के नशा विरोधी अभियान चलाने का उद्देश्य नशीले पदार्थों की संभावित गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है। साथ ही नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में कानून का भय पैदा करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि रादौर सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में इस प्रकार के अभियान आगे भी समय-समय पर जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बढ़ावा नहीं मिलने दिया जाएगा।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील

तलाशी अभियान के दौरान टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।

अधिकारियों ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार के दिशा-निर्देशन में प्रदेशभर में नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। लोगों के सहयोग से नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top