रादौर : नहर में डूबे बच्चे का तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग, कल फिर चलेगा सर्च अभियान

Navdesh Times
0

रादौर, 26 अगस्त (कुलदीप सैनी)। पश्चिमी यमुना नहर के पक्का घाट पर बुधवार को एक आठ वर्षीय बच्चा नहर में डूब गया। बच्चे के नहर में डूबने की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की टीम को बुलाकर बच्चे की तलाश शुरू करवाई।

तीन बच्चे नहर के पास खेल रहे थे

डायल 112 पर तैनात पुलिस कर्मचारी वेदप्रिय ने बताया कि थाना रादौर से बच्चे के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन बच्चे पश्चिमी यमुना नहर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा अचानक नहर में डूब गया। बच्चे की पहचान आठ वर्षीय कृष्णा के रूप में हुई है।

“सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। नहर में बच्चे की तलाश की जा रही है।” — वेदप्रिय, डायल 112 पुलिस कर्मचारी

गोताखोरों की टीम को तलाश में नहीं लगा कोई सुराग 

पुलिस की सूचना पर गोताखोरों की टीम को मौके पर बुलाया गया। गोताखोर अमर सिंह काम्बोज ने नहर में बच्चे की काफी गहनता से तलाश की, लेकिन शाम तक भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया। घटना के बाद परिजनों का बुरा हाल है और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

चाचा के घर जाने की बात कहकर निकला था कृष्णा

बच्चे की मां अनु ने बताया कि कृष्णा चाचा के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि कृष्णा पश्चिमी यमुना नहर के पक्का घाट तक कैसे पहुंच गया।

“कृष्णा चाचा के घर जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह नहर के पक्का घाट तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं है।” — अनु, बच्चे की मां

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top